दुष्कर्म का मुकदमा वापस लेने पर कोटेदार ने परिजनों को दिया 30 लाख का ऑफर

पीडि़ता के भाई ने पुलिस को किया फोन, कोटेदार हिरासत में
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर कोचिंग संचालक, उसके भाई व एक अन्य साथी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाया था। पीडि़ता की तहरीर पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पीडि़ता के स्वजनों ने पड़ोसी गांव के एक कोटेदार पर रुपए लेकर मुकदमा वापस करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। हालांकि स्वजनों ने कोटेदार को वहां से भगा दिया। स्वजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस कोटेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। राजस्व टीम ने एक बार फिर कंप्यूटर सेंटर की जमीन सहित अन्य जगहों की नापजोख की।
क्षेत्र के एक गांव निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा कंपिल स्थित राजीव इंस्टीट्यूट कंप्यूटर सेंटर पर कोचिंग करती थी। इसी दौरान लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व कोचिंग संचालक दिव्यांग शीबू, उसका भाई सलमान व साथी अनस ने छात्रा को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ डालकर पिला दिया था। छात्रा के बेहोश होने पर आरोपितों ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। आरोपित छात्रा को मंतातरण कर निकाह करने का दबाव बनाने लगे। पीडि़ता ने स्वजनों के साथ थाने पहुंचकर मामले की तहरीर सीओ को दी। सीओ के आदेश पर दिव्यांग आरोपित शीबू, उसका भाई सलमान व साथी अनस के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शनिवार को उन्हें जेल भेज दिया। गुरुवार को एसडीएम अतुल कुमार सिंह के निर्देश एक बार फिर राजस्व टीम लेखपाल राहुल मिश्रा, योगेन्द्र सिंह कानूनगो, रामगोपाल यादव कंपिल कायमगंज रोड स्थित कब्रिस्तान व कंपिल खास स्थित कंप्यूटर सेंटर की चारो तरफ से नापजोख की। राजस्व टीम ने बताया कि वह उक्त रिपोर्ट को एसडीएम को देंगे। पीडि़ता छात्रा के स्वजनों के अनुसार पड़ोसी गांव का एक कोटेदार मंगलवार शाम पीडि़ता के घर आया और मुकदमा वापस लेने के एवज में दस से लेकर तीस लाख रुपये तक का ऑफर देने लगा। इसी दौरान पीडि़ता के स्वजन बिफर गए और कोटेदार को फटकार कर वहां से भगा दिया। पीडि़ता के भाई ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। पीडि़ता के भाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि समृद्धि न्यूज़ प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। गुरुवार दोपहर पुलिस ने कोटेदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में कोटेदार ने बताया कि आरोपित अनस के स्वजनों ने उसे पीडि़ता के घर भेजा था। हालांकि पुलिस कोटेदार से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया मामला संज्ञान में नहीं है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *