समृद्धि न्यूज। मौसम खराब होने के कारण अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू के यात्री निवास से गुरुवार को जत्था नहीं जाएगा। अब श्रद्धालु मौसम अनुकूल होने पर यहां से रवाना होंगे। इससे पहले 15 जत्थों को सफलता पूर्वक प्रशासन की ओर से रवाना किया गया है।
जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाए सामने आई हैं। बालटाल मार्ग पर भूस्खलन से 10 तीर्थयात्री घायल हो गए। कई तीर्थयात्री फ्लैश फ्लड की चपेट में आ गए। इसके कारण आज यानी गुरुवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित रहेगी। यात्रा आज जम्मू बेस कैंप से आगे नहीं बढ़ेगी। दरअसल, जम्मू कश्मीर के कई जिलों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बालटाल और पहलगाम मार्ग पर लगातार बारिश जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बालटाल मार्ग पर रेलपथरी के करीब जैड मोड़ पर अचानक से बारिश का पानी पहाड़ से यात्रा मार्ग पर तेजी से आने से लैंडस्लाइड की घटना घटी।
उधमपुर में धार रोड पर लैंडस्लाइड
उधमपुर जिले में धार रोड पर भूस्खलन के कारण कई सडक़ बंद हो गई हैं। नेशनल हाईवे का धार रोड करीब एक घंटे तक बंद रहा। इसका असर अमरनाथ यात्रा पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पिछले साल भी खराब मौसम ने अमरनाथ यात्रा को प्रभावित किया था।
एक की मौत, 10 तीर्थयात्री घायल
अमरनाथ यात्रा के दौरान बुधवार शाम को बारिश के चलते बालटाल मार्ग पर एक दुखद घटना घटी। रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। 55 वर्षीय सोना बाई राजस्थान की रहने वाली थीं। हादसे में करीब नौ यात्री घायल हुए हैं। एक लापता है जिसकी तलाश जारी है। वहीं, दस अन्य घायलों को तुरंत नजदीक की चिकित्सा सुविधा में इलाज के लिए पहुंचाया गया और किसी को भी इन में गंभीर चोट नहीं हैं। हालांकि, इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट
अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अब तक करीब ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा मार्ग को 1 जुलाई से 10 अगस्त तक नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है, जिसमें ड्रोन, यूएवी और गुब्बारों पर प्रतिबंध है। मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।