
मंदिरों व घरों में सजायी गई झांकी, आज भी मनाया जायेगा भगवान का जन्मोत्सव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही धूमधाम से भक्तों ने अपनी श्रद्धानुसार मनाया। मंदिरों व घरों में सजावट कर झांकी सजायी गई। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के बालपन के अलग-अलग स्वरुपों को दर्शाया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव ६ सितम्बर व ७ सितम्बर को भी मनाया जा रहा है। अधिकांश क्षेत्र में बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। वहीं गुरुवार को भी भक्तगण भगवान का जन्मोत्सव मना रहे है। मंदिरों व घरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म होते ही घंटा और घडिय़ाल के स्वर से गूंज उठा। भक्तों ने आतिशबाजी भी छुड़ाई। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया तो वहीं कई भक्तों ने दिन में भण्डारे का आयोजन किया। पूरे दिन मन मोहक पोशाक, पालना व भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरुपों की मूर्तियों की बिक्री की दुकानों पर भक्तों की भीड़ लगी देखी गई। वहीं दुकानदार भी कई दिनों से भगवान के जन्मोत्सव की तैयारी कर रहे थे। जगह-जगह मंदिरों व घरों में झांकी सजायी गई। वहीं फतेहगढ़ के गाड़ीखाना में भगवान श्रीकृष्ण की सौम्या सक्सेना एवं अनुराग सक्सेना व डाली सक्सेना ने मन मोहक झांकी सजायी। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को नदी पार कराते वासुदेव, कदम के पेड़ पर लीला एवं झूला झूलते भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का प्रदर्शन किया गया। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का तांता लगा रहा।
