उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ कमिश्नर विजय विश्वास पंत आज अचानक औचक निरीक्षण करने कलेक्ट्रेट पहुंचे । जहां उनके अचानक पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने कमिश्नर का स्वागत किया। इसके बाद कमिश्नर सीधे प्रशासनिक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी के साथ महत्वपूर्ण अभिलेखों और संचालित योजनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं के रजिस्टर, लंबित प्रकरणों की फाइलें, राजस्व अभिलेख और जनशिकायत निस्तारण से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, राजस्व वसूली, भूमि विवादों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जानकारी ली।
उन्होंने लंबित मामलों को समयबद्ध ढंग से निपटाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने विशेष रूप से जनसुनवाई की व्यवस्था और शिकायतों के त्वरित समाधान की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण की खबर मिलते ही कई विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी शाखाओं में सक्रिय हो गए। अभिलेखों को व्यवस्थित करने और आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की कवायद तेज हो गई। कर्मचारियों में अनुशासन और समयपालन को लेकर भी सख्ती दिखाई दी।
कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह से कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और आगामी त्योहारों के सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जिले में संचालित विकास परियोजनाओं और राजस्व कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया।
लखनऊ कमिश्नर ने कलेक्ट्रेट पहुंच किया औचक निरीक्षण
