महाराष्ट्र: एक लाख का उधार हो गया 74 लाख,कर्ज चुकाने के लिए बेंच दी 8 लाख में किडनी

समृद्धि न्यूज। महाराष्ट्र के चंद्रपुर के नागभीड़ तहसील में कर्ज से परेशान किसान रोशन कुडे ने किडनी बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अवैध साहूकारों के खिलाफ सवकारी अधिनियम और एक्सटॉर्शन की धाराओं में केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। किडनी से जुड़े आरोपों की अलग जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक किसान रोशन सदाशिव कुडे को साहूकारों का कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेचने पर मजबूर होना पड़ा। रोशन ने डेयरी व्यवसाय के लिए 1 लाख रुपये का लोन लिया था, लेकिन नुकसान के कारण कर्ज बढ़ता गया। साहूकारों ने भारी ब्याज वसूला, जिससे मूलधन 74 लाख रुपये तक पहुंच गया। कर्ज चुकाने के लिए उसे कंबोडिया में किडनी बेचनी पड़ी। पुलिस ने छह साहूकारों के खिलाफ सवकारी अधिनियम की धारा 29, 30, 31 और एक्सटॉर्शन की धाराओं में मामला दर्ज किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीडि़त ने बताया कि समय पर कर्ज न चुका पाने पर साहूकारों ने उस पर भारी ब्याज और रोजाना जुर्माना लगाया। एक लाख रुपये का कर्ज बढक़र 74 लाख रुपये तक पहुंच गया। साहूकार उसके घर आने लगे। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने अपनी कुछ जमीन बेच दी। साथ ही ट्रैक्टर और घर का सामान भी बेच दिया लेकिन फिर भी कर्ज नहीं उतरा। किसान ने बताया कि मैंने सोना बेचा, रिश्तेदारों से भी पैसे मांगे, लेकिन कर्ज नहीं उतर पा रहा था जिसके बाद मुझे बोला गया कि अब तेरे पास बेचने के लिए क्या है, तू अपनी किडनी बेच सकता है। इन साहूकारों की इतनी दहशत है कि कोई इनकी शिकायत भी नहीं लेता। जब साहूकारों में से एक ने उसे किडनी बेचने का सुझाव दिया तो एक एजेंट उसे कोलकाता ले गया जहां चिकित्सा जांच कराने के बाद कंबोडिया में सर्जरी हुई और उसकी किडनी निकाल ली गई। किसान को इसके बदले 8 लाख रुपये मिले थे। ब्रह्मपुरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों में किशोर बावनकुले, मनीष घाटबंधे, लक्ष्मण उरकुडे, प्रदीप बावनकुले, संजय बल्लारपुरे और सत्यवान बोरकर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *