महोबा: तीन सगी बहनों के कुएं में उतराते मिले शव, गांव में शोक की लहर

महोबा: अजनर थाना क्षेत्र में खेत गयी तीन सगी बहनों के शव कुएं में उतराते मिले हैं। जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। ग्रामीण इस मामले को संदिग्ध बता रहे हैं। वहीं, सूचना पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं प्रधान के मुताबिक तीनों बहनों को कुएं के पास मुकईया व बेर खाते देखा गया।
जानकारी के मुताबिक, आरी गांव निवासी रामलाल उर्फ रम्मू अहिरवार की पुत्रियां सात वर्षीय रूचि, पांच वर्षीय पुष्पा व तीन वर्षीय दीक्षा सोमवार की शाम घर के दरवाजे पर खेल रहीं थी। उसके बाद तीनों गाय चराने खेत की तरफ गयी थी। जब तीनों घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन की। करीब छह घंटे की खोजबीन के बाद रात में गांव के बाहर स्थित एक खेत के कुएं में तीनों बच्चियों के शव मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, तीन मासूमों की एक साथ हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड रविकांत व अपर पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं एसडीएम कुलपहाड़ प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना सोमवार की है, सूचना मिली थी कि एक ही परिवार की तीन बच्चियों की कुआं में डूबने से मौत हो गयी है। सीओ कुलपहाड़ रविकांत गौड़ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। हर मदद परिवार को दिलाई जाएंगी। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीडि़त परिजनों को सहायता राशि भी दिलाई जाएगी। वहीं देर आयी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान नहीं पाये गये। घटना की जानकारी होने पर डीआईजी बांदा राजेश एस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *