मैनपुरी: फर्जी वोट कटवाने को लेकर भारी बवाल, चले लाठी-डंडे, एक दर्जन से अधिक घायल

मैनपुरी, समृद्धि न्यूज। मैनपुरी में एसआईआर के तहत वोट काटे जाने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हिंसा के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और मामले की शिकायत करवाने के बाद कार्रवाई की। थाना क्षेत्र के गांव नगला भाईखां का जुल्फिकार अहमद बीएलओ है और इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र है। गांव के मुहम्मद आसिफ ने दो दिन पहले गांव में 134 वोट फर्जी बनाने और कुछ वोट काटने की शिकायत बीएलओ जुल्फिकार अहमद से की थी। इसी बात को लेकर बीएलओ और शिकायतकर्ता में कहासुनी हो गई थी। शनिवार की शाम भी दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट भी हुई थी, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने मामले को शांत करा दिया था। रविवार सुबह फिर कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले। जिससे दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अनुरूद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है, कार्यवाही की जायेगी। वहीं इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों की महिलाएं और पुरुष मौजूद दिख रहे हैं, और कुछ लोग छतों से पत्थर फेंकते हुए भी नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *