बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का मंडलायुक्त रोशन जैकब ने वाटर बोट से किया निरीक्षण, राहत कार्यों का लिया जायजा

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगा का जलस्तर निरंतर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई है। लखनऊ मंडल की आयुक्त रोशन जैकब ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने शुक्लागंज नगर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में गंगा का पानी कई मोहल्लों में पहुंच चुका है।
आयुक्त ने जिला अधिकारी गौरांग राठी के साथ वोटर बोट से क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने रविदास नगर, कर्बला और आनंद घाट का दौरा किया। स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोई बाढ़ पीड़ित भूखा या असहाय नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को नावों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। खाद्य सामग्री और पीने के पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा टीमों को सक्रिय रखने के आदेश दिए।

राहत शिविरों की व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए । बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की गति बढ़ाने को कहा। रहने, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। रविदास नगर और कर्बला जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। लोग अपने परिवार और सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं। नाव के सहारे लोग आने जाने को मजबूर हैं । इस स्थिति को देखते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रशासन को लगातार सतर्क रहना होगा और हालात बिगड़ने से पहले ही प्रभावी कदम उठाने होंगे।
आयुक्त के इस दौरे से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को उम्मीद जगी है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को और गंभीरता से सुनेगा। मौके पर मौजूद कई लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं, जिनमें राशन की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव और साफ-सफाई की समस्या प्रमुख रही।निरीक्षण के बाद आयुक्त रोशन जैकब ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी को भी कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।लगातार बढ़ते गंगा के जलस्तर और बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी में लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *