
परिजनों व ग्रामीणों ने शव सडक़ पर रखकर लगाया जाम, मण्डी का गेट किया बंद
एसडीएम व सीओ ने पहुंचकर उत्तेजित परिजनों को कार्यवाही का आश्वासन देकर किया शांत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सातनपुर मण्डी के निकट अनियंत्रित ट्रक ने फल की ठेली लेकर जा रहे युवक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सडक़ पर रखकर जाम लगा दिया और मण्डी का गेट भी बंद कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ व पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम ने पहुंचकर उत्तेजित परिजनों को कार्यवाही का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के ग्राम पपियापुर निवासी 48 वर्षीय सूरज उर्फ भोला राठौर पुत्र नेकराम ठेली पर सेब बेंचकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार सुबह लगभग ११ बजे के आसपास सूरज अपनी फल की ठेली लेकर जा रहा था, सातनपुर मण्डी के निकट अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान चालक ट्रक छोडक़र फरार हो गया। सूचना पर परिजन व सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गये। मृतक की पत्नी रामसखी व परिजन तथा ग्रामीणों ने शव को सडक़ पर रखकर जाम लगा दिया और मण्डी का गेट बंद कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी प्रदीप कुमार, आईटीआई चौकी इंचार्ज सुरजीत कुमार व शहर कोतवाली पुलिस तथा थाना कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों व ग्रामीणों ने एक नहीं सुनी। सीओ ने मुकदमा दर्ज कराने की भी चेतावनी दी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को परिजनों से लिया और गाड़ी में रखने का प्रयास किया तो परिजनों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर संजय सिंह ने उत्तेजित परिजनों को कार्यवाही का आश्वसन दिया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को शव ले जाने दिया। सीओ ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
