पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी इलाकों तक ने मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे में कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुतबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. वहीं दिन भर बादल छाए रहेंगे. हालांकि विभाग के मुताबिक 24 फरवरी से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में गुरूवार सुबह हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.9 डिग्री अधिक है. वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.2 डिग्री अधिक है. आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को, पिछले 24 घंटों में 0.9 मिमी बारिश हुई.
मौसम बना हुआ है शुष्क
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 21 फरवरी को कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. हालांकि पिछले काफी दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसकी वजह से दिन के समय गर्म होने लगी है. विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. बिहार में भी मौसम का रुख बदलने वाला है. मौसम विभाग के पटना विज्ञान केंद्र ने आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के मुताबिक 23 फरवरी को राज्य के 6 जिलों में गरज और तड़क के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
