
सूचना पर पहुंची पुलिस खानापूर्ति कर वापस लौटी
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। देर रात बदमाशों ने गांव पहाड़पुर में दो किसानों के घरों को निशाना बनाया। एक घर से नगदी समेत लाखों के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ली। जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास किया, लेकिन वृद्धा के शोर मचाने पर बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर पीटा। ग्रामीणों के जागने पर बदमाश भाग निकले।
मंगलवार रात लगभग आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश गांव पहाड़पुर निवासी किसान शिव कुमार सिंह के घर में दीवार के सहारे घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोडक़र नगदी समेत लाखों की कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ली। बदमाश किसान के मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद कर चले गए। घटना के दौरान गर्मी के कारण किसान अपने पत्नी व बच्चों के साथ छत पर सो रहा था। जिसके बाद बदमाश छत से होकर गजेंद्र के घर में उतर गए। वह परिवार समेत कमरे की छत पर सो रहा था। गजेंद्र की वृद्ध मां छोटी बिटिया नीचे बरामदे में चारपाई पर लेटी थी। आहट होने पर वह जाग गई। उन्होंने अपने बेटे को आवाज लगाई। उसी समय बदमाशों ने वृद्धा को दबोच कर मारपीट कर दी। जिससे वह घायल हो गई। शोर सुनकर ग्रामीण जाग गए। बदमाशों ने मौके से भागना ही उचित समझा। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। खानापूर्ति करने के बाद वापस लौट गई। उन्होंने बदमाशों को तलाश भी नहीं किया। पुलिस की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों की फटकार के बाद कुछ देर में ही पुलिस दोबारा हाफी हुई गांव पहुंची। सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये। पीडि़त शिव कुमार ने घटना की तहरीर दी। बताया कि बीस हजार की नकदी समेत तीन लाख की चोरी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय से पुलिस रात के समय गांव की तरफ गश्त करने नहीं आती है। जिस कारण बदमाशों ने आसपास डेरा डाल रखा है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जांच कर कार्यवाही की जाएगी ।
