फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अंतर्गत आवास विकास स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में वक्फ सुधार जन जागरण अभियान के तहत अल्पसंख्यक प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम अहमद एवं मुख्य अतिथि जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने संबोधित किया।
मुख्य वक्ता मोहम्मद सलीम अहमद ने कहा देश की आजादी के बाद जो कानून वक्फ के रूप में गरीब मुसलमान के लिए बनाया गया था वह कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों कि गलत नीति से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार बनने के बाद इस कानून में सुधार की आवश्यकता महसूस हुई। सरकार ने गरीब मुसलमानों, गरीब अनाथ बच्चों एवं गरीब मुस्लिम विधवा महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए इस कानून में संशोधन करके दोनों सदनों में पास कर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद गरीब मुस्लिम वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने का कार्य किया। अन्य दल भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे है। एक लंबे समय तक देश का मुसलमान परेशान क्यों रहा इस पर विचार करने की आवश्यकता है। वक्फ की हजारों करोड़ की संपत्ति पर दलाल और माफिया काबिज है, लेकिन वक्फ कानून बनने के बाद ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई शुरू हो जाएगी। शिव महेश दुबे ने कहा वर्षों से कांग्रेस सपा और बसपा के द्वारा देश का मुसलमान वोट बैंक की तरह प्रयोग किया जाता रहा है। सपा और कांग्रेस मिलकर भाजपा द्वारा किए जा रहे मुस्लिम समाज के उत्थान से जुड़े हुए हर मुद्दे पर उनको भ्रमित करने का कार्य करते हैं। जिसके कारण देश का मुसलमान तरक्की नहीं कर पा रहा है। वक्फ की वह जमीने जो गरीब यतीम विधवा और अनाथ मुस्लिम लोगों के लिए वक्फ की गई थी वह सपा बसपा और कांग्रेस की राजनीतिक भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा नए भारत के निर्माण के लिए इस कानून में सुधार एक आवश्यकता थी, उसको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार करने का कार्य किया। जिसके कारण देश का गरीब मुसलमान सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष हसनैन खान किया। अल्पसंख्यक मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री मोहम्मद जावेद ने भी विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर, रश्मि दुबे, ममता सक्सेना, शिवांग रस्तोगी, संजीव गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
वक्फ कानून का गरीब मुसलमानों को मिलेगा लाभ: मोहम्मद सलीम अहमद
