बारावफात के अवसर पर शहर में निकाला गया जुलूसे मोहम्मदी

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बारावफात के अवसर पर जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जामा मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस किला मैदान संपन्न हुआ। इसमें विभिन्न अंजुमनों के सदस्य झंडे लेकर शामिल हुए। लोगों ने हजरत मोहम्मद साहब की शान में नात और कसीदे पढ़े। लोगों ने नारे-ए-तकबीर और नारे-ए-रिसालत के साथ सरकार की आमद मरहबा तथा दिलदार की आमद मरहबा के नारे लगाए। जुलूस के दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक सौहार्द का माहौल दिखा। जुलूस से पहले जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इस मौके पर शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने तकरीर पेश करते हुए कहा कि अल्लाह के नबी और उनके सहाबा से मोहब्बत करना ईमान का जरूरी हिस्सा है।

उन्होंने लोगों को अमन, भाईचारे और नेक आमाल की ओर प्रेरित किया। परचम कुशाई के दौरान कमेटी की ओर से नाते मुस्तफा पढ़ा गया और जैसे ही झंडा बुलंद हुआ, पूरा माहौल नबी की आमद मरहबा और आका की आमद मरहबा के नारों से गूंज उठा। दोपहर बाद जामा मस्जिद से जुलूस की औपचारिक शुरुआत हुई। सबसे आगे उलेमा और बुजुर्ग शामिल हुए, जो रिसालत की आवाज बुलंद कर रहे थे। इनके पीछे दावते इस्लामी के लोग पैगंबर की नाते पढ़ते हुए चल रहे थे। नमाज और नेक आमाल पर जोर देने का संदेश दे रहे थे। अकीदतमंद झूमते हुए नबी की शान में नाते मुस्तफाबाद और सलाम पेश कर रहे थे। शहर में जामा मस्जिद छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा, धवन रोड, कसाई चौराहा होते हुए तालिब सराय और अंतत: किला मैदान तक पहुंचा। यातायात को नियंत्रित करने में जिला प्रशासन और पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जुलूस के स्वागत से नगर का माहौल भाईचारे और एकता का संदेश देता रहा। युवाओं के हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र मरकजी सीरत कमेटी की देखरेख में जामा मस्जिद से निकला यह जुलूस अपने पूरे अनुशासन और शान से आगे बढ़ता रहा। युवाओं ने रास्ते भर हैरतअंगेज करतब दिखाए। तलवारबाजी, लाठी और अन्य परंपरागत खेलों ने जुलूस को और आकर्षक बना दिया। लोग करतब देखने के लिए जगह-जगह रुकते और तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाते दिखे। प्रशासन रहा मुस्तैद, ड्रोन से की निगरानी जुलूस को सकुशल और शांति के साथ सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने खास इंतजाम किए थे। ड्रोन से निगरानी की गई। एसपी दीपक भूकर ने जुलूस में शामिल होकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *