पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी का हुआ आयोजन

एसपी ने CO-SHO के साथ की बैठक,  क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हुई तो थानेदार होंगे जिम्मेदार

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजन किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद, सहित क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और पुलिस कार्यालय व विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
अपराध गोष्ठी में थानों पर पंजीकृत मुकदमों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों से जुड़े लंबित मामलों का गुण-दोष के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

एसपी ने शातिर अपराधियों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने तथा माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट व एनएसए के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, अवैध शराब, अवैध शस्त्र, जुआ और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और विधिक निस्तारण पर भी गोष्ठी में विशेष ध्यान दिया गया। आईजीआरएस के मामलों में आवेदकों से सीधे बात कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों, पॉक्सो एक्ट और बलात्कार जैसे संवेदनशील मामलों में अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने के लिए अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त और सतर्क निगरानी बढ़ाने को कहा गया। जमीनी विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सतर्कता बरतने तथा इसकी नियमित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए। पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग कर उनकी सतर्कता और कार्यप्रणाली का निरीक्षण करने के भी आदेश दिए गए। इसी के साथ आगामी क्रिसमस और नववर्ष के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाये जाने के निर्देश दिए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *