मंदिरों में हुई मां कालरात्रि की पूजा, मठिया देवी मंदिर में हुआ हवन

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चैत्र नवदुर्गा के सातवें दिन नगर के देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मठिया देवी मंदिर में हवन का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने आहूतियां डालकर सर्व मंगल की कामना की। घरों में महिलाओं ने भी व्रत रखकर मां की आराधना की। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों के बाहर महिला व पुरुष पुलिस तैनात रही।
माँ दुर्गाजी की सातवीं शक्ति कालरात्रि के नाम से जानी जाती हैं। दुर्गापूजा के सातवें दिन माँ कालरात्रि की उपासना का विधान है। इस दिन साधक का मन सहस्रार चक्र में स्थित रहता है। इसके लिए ब्रह्माण्ड की समस्त सिद्धियों का द्वार खुलने लगता है। कहा जाता है कि कालरात्रि की उपासना करने से ब्रह्माण्ड की सारी सिद्धियों के दरवाजे खुलने लगते हैं और तमाम असुरी शक्तियां उनके नाम के उच्चारण से ही भयभीत होकर दूर भागने लगती हैं। इनकी कृपा से भक्त हर तरह के भय से मुक्त हो जाता है।शनिवार को पूजन करने के लिए देवी मंदिरों पर सुबह से लेकर शाम तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा। नगर के पल्ला मठिया मंदिर, गुरगांव देवी मंदिर, महाकाल मंदिर, काली देवी मंदिर मऊदरवाजा, बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, भोलेपुर स्थित वैष्णोदेवी मंदिर, फतेहगढ़ के कालीबाड़ी मंदिर सहित नगर के कई छोटे-बड़े सभी मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने माथा टेंका और माता कालरात्रि की पूजा अर्चना कर सर्वमंगल की कामना की। वहीं मठिया देवी मंदिर में विशाल हवन का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने आहूतियां डालीं तथा सर्व मंगल की कामना की। यहां पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसी प्रकार नगर के शीतला माता मंदिर व ऐतिहासिक गुरगांव देवी मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ दर्ज की गयी। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से माथा टेंका और मां से मन्नतें मांगीं। मंदिरों से बज रहे घंटा घडिय़ालों की धुन से नगर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक नजर आया। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों पर पुलिस तैनात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *