सैफई, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में अब मरीजों को सस्ती और अच्छी दवाएँ मिल सकें, इसके लिए गुरुवार को अमृत फार्मेसी खोलने का रास्ता साफ हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के साथ एमओयू साइन कर दिया है।
यह एमओयू कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह के निर्देशन में वित्त अधिकारी जगरोपन ने किया। कुलपति ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को कम दाम पर गुणवत्तायुक्त दवाएँ दिलाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि अमृत फार्मेसी केंद्र का मकसद सरकारी पहल के तहत बेहतर गुणवत्ता की दवाएँ, सर्जिकल सामान, इम्प्लांट और जरूरी चिकित्सा सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है। इससे रोज आने वाले हजारों मरीजों को राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फार्मेसी पूरी तरह पारदर्शिता और गुणवत्ता वाले सिस्टम पर चलेगी। मरीजों को जिस दवा की जरूरत होगी, वह सामान्य बाजार से काफी कम रेट पर उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि अमृत योजना साल 2015 में केंद्र सरकार ने शुरू की थी और इसका संचालन एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड करता है। यह व्यवस्था प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों की तरह ही सस्ती दवा उपलब्ध कराने वाला नेटवर्क है।
एमओयू साइनिंग के मौके पर प्रति कुलपति प्रो. डॉ. रमाकांत, संकायाध्यक्ष प्रो. डॉ. आदेश कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के.बी. अग्रवाल भी मौजूद रहे।
अमृत फार्मेसी खोलने को एमओयू, मरीजों को सस्ती दवा का बड़ा सहारा
