हाईटेंशन लाइन से झुलसकर एमआर की मौत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक एमआर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार बढ़पुर विकास खंड क्षेत्र के रखा गांव में विशाल मिश्रा (३८) पुत्र कैलाश चंद्र मिश्रा अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जीने में बांधने के लिए सरिया उठाई, जो पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। सरिया के हाईटेंशन लाइन से छूते ही विशाल बुरी तरह झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर हालत में झुलसे युवक को ई-रिक्शा से एक निजी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर याकूतगंज चौकी इंचार्ज राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। बाद में फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताते चलें कि विशाल मिश्रा पेशे से एमआर थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *