राहुल गांधी पर भाजपा सांसद को धक्का देने का आरोप, कांग्रेस सांसद ने कहा- वह हमें अंदर जाने से रोक रहे थे
संविधान निर्माता डॉ आंबेडकर पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने है. दोनों ही ओर से गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया गया. इस दौरान धक्का-मुक्की की नौबत आ गई, जिसमें बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रताप सारंगी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर आरोप लगाया है. सारंगी के घायल होने के बाद बीजेपी हमलावर हो गई. पार्टी ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, मोहब्बत की दुकान चलाने वाले राहुल गांधी का नफरती कारनामा.
#WATCH | MPs of INDIA bloc and BJP came to face at the Parliament premises earlier today while carrying out their respective protests over Dr BR Ambedkar.
INDIA MPs are demanding an apology and resignation of Union Home Minister Amit Shah over his remarks on Babasaheb Ambedkar… pic.twitter.com/IhryQTbKoQ
— ANI (@ANI) December 19, 2024
प्रताप चंद्र सारंगी ने लगाया गंभीर आरोप
प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि सीढ़ी पर मैं खड़ा था, इसी दौरान राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दे दिया। जिसकी वजह से वह मेरे ऊपर गिर गया। सारंगी का जो वीडियो सामने आया है उसमें उनके सिर पर चोट के निशान देखें जा सकते हैं और सिर से खून निकलता देखा जा सकता है।
दरअसल, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस ने संसद भवन परिसर में मार्च निकाला। जवाब में भाजपा ने कांग्रेस पर झूठ की राजनीति का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान संसद भवन के मकर द्वार पर दोनों दलों के सांसद आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच धक्का-मुक्की की भी नौबत आई।
संसदीय कार्य मंत्री ने क्या कहा?
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा, ‘आज संसद के मुख्य द्वार में NDA सांसदों का प्रदर्शन चल रहा था. राहुल गांधी और उनके सांसदों ने जबरदस्ती घुसकर अपना जो शारीरिक प्रदर्शन किया है, वो बहुत गलत है. संसद कोई शारीरिक ताकत दिखाने का प्लैटफ़ॉर्म नहीं है. राहुल गांधी ने बीजेपी के 2 सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को जोर से धक्का दिया. राहुल गांधी ने जो धक्का-मुक्की की है, मैं उसका खंडन करता हूं. मैं राहुल गांधी से सवाल करना चाहता हूं कि अगर सब लोग अपनी ताकत दिखाकर मारपीट करने लग जाएंगे, तो संसद कैसे चलेगा? यह लोकतंत्र का मंदिर है…हमारे दोनों सांसद गंभीर रूप से घायल हुए हैं…उनका इलाज चल रहा है.’ घटना पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘यह संसदीय इतिहास का काला दिन है. मर्यादा तार-तार हो गई है. लोकतंत्र तार-तार हो गया है और कलंकित हो गया है. राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की गुंडागर्दी जैसा कोई दूसरा उदाहरण नहीं है. भारत के संसदीय इतिहास में ऐसा आचरण कभी नहीं देखा गया. अगर वे हरियाणा और महाराष्ट्र हार गए तो वे अपनी हताशा संसद में क्यों व्यक्त कर रहे हैं?…लोकतंत्र में आचरण को समझने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के लोगों को प्रशिक्षित करने के लिए एक कार्यशाला बुलाई जानी चाहिए. मैं दुखी हूं…अमित शाह के भाषण के बाद कांग्रेस बेनकाब हो गई है. वे इससे इतने निराश हैं कि अब गुंडागर्दी पर उतर आए हैं. हम इस गुंडागर्दी की निंदा करते हैं.’
राहुल गांधी ने क्या कहा?
उधर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी के धक्का-मुक्की के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्तापक्ष के सदस्यों ने विपक्षी सांसदों को संसद भवन में जाने से रोका और धमकी दी. उन्होंने कहा, मैं संसद के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बीजेपी के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे, धक्का दे रहे थे और धमका रहे थे. राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्षी नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता. कांग्रेस नेता ने कहा, यह संसद है और अंदर जाना हमारा अधिकार है. अक्सर सफेद रंग टी-शर्ट पहनने वाले राहुल गांधी गुरुवार को नीले रंग की टी-शर्ट पहनकर संसद पहुंचे. उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि संविधान और बाबासाहेब की स्मृति का अपमान हुआ है.
