घने कोहरे में कई वाहन टकराये, दो घायल

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। घने कोहरे के चलते दो अलग-अलग वाहन जिसमें ट्रक-पिकअप व ई-रिक्शा टकरा गये। जिसमें दो लोग घायल हो गये। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को घने कोहरे के कारण दो अलग-अलग सडक़ हादसे हुए। इन दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घटना में ट्रक और पिकअप की टक्कर हुई, जबकि दूसरी में पिकअप और ई-रिक्शा आपस में भिड़ गए। पहली घटना फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर राजपुर कस्बे के पास हुई। यहां पंजाब राज्य के एक ट्रक ने सामने से आ रही एक पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप चालक शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गुलाल नगरा गांव निवासी 22 वर्षीय हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गए। हरिओम कई वर्षों से दूध डेयरी की पिकअप चला रहा है और शुक्रवार सुबह अमृतपुर क्षेत्र के गांवों से दूध इक_ा कर रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हरिओम उसमें फंस गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और हेल्पर ट्रक को सडक़ पर छोडक़र मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल हरिओम को पिकअप से बाहर निकाला। तब तक स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी। जिससे कई रोडवेज बसें, डंपर, ट्रक और कारें फंस गईं। पुलिस ने घायल हरिओम को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या ने बताया कि घायल पिकअप चालक को अस्पताल भिजवाया गया है। ट्रक चालक अपने वाहन को छोडक़र भाग गया था। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी घटना मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अर्रा पहाड़पुर में सब्जी मंडी के पास हुई। जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। बताया गया कोहरे के चलते सामने से आ रहा ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में मंडी में से निकले ई-रिक्शा में टक्कर लग गई। इससे ई-रिक्शा सवार चालक श्यामवीर पुत्र अवधेश निवासी गड़रियन नगला घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। मामले की जानकारी पर बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *