पीडि़तों की मांग पर राशन बांटने व नाव लगाने के दिये आदेश
कंपिल, समृद्धि न्यूज। नायब तहसीलदार ने ट्रैक्टर से क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों से वार्ता की। उन्हें भरोसा दिलाया कि बाढ़ के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसलिए भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पीडि़तों की मांग पर राशन बांटने व नाव लगाने के आदेश दिए है।
नायब तहसीलदार मनीष वर्मा सोमवार दोपहर शाहपुर गंगपुर पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रधान व बाढ़ पीडि़तों से समस्याओं के बारे में जानकारी की। इसके बाद वह बाढ़ प्रभावित गांव हमीरपुर मजरा जात, गढ़ी, पथरामई व शाहपुर गंगपुर में ट्रैक्टर पर बैठकर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि इकलहरा-शाहपुर मार्ग कटने से ग्रामीणों की मांग पर गांव शाहपुर गंगपुर के ग्रामीणों के लिए एक नाव मुहैया करायी जाएगी। इन नावों को चलाने के लिए परिपक्व व्यक्तियों को तैनात किया जाएगा। इनका जो पारिश्रमिक होगा वो प्रशासन देगा। लोगों को मंगलवार से पॉलिथीन, खाद्य सामग्री बगैरह मुहैया कराने के आदेश दिए। लोगों को पीने हेतु स्वच्छ पानी मिले इसके लिए टैंकर का बंदोबस्त किया जा रहा है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए लगा हुआ है। उन्होंने तटवर्ती गांवों के पशु मालिकों को सुरक्षित जगह पर मवेशियों को जाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक गांव में कैम्प लगाकर दवाई वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों को डूबी फसलों की लिस्ट बनाकर किसानों को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। नायब तहसीलदार मनीष वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों के लिए नाव का प्रबंध कर दिया गया है। जल्द ही नाव गांव में भेज दी जाएगी। जो ग्रामीण बाढ़ में फंस गए हैं। उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया जाएगा।
नायब तहसीलदार ने ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित गांवों का किया भ्रमण
