
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में जीआईसी तथा एमआईसी के कक्षा 11 के छात्रों की एनसीसी भर्ती हुई। 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमांडिंग आफिसर कर्नल रोमिल शर्मा द्वारा जीआईसी तथा एमआईसी के कक्षा 11 में अध्यनरत छात्रों की सत्र 2023-24 हेतु भर्ती म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में संपन्न कराई गई। 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर द्वारा पूर्व में निर्धारित तिथि 07 अगस्त को इस बार जीआईसी तथा एमआइसी के कक्षा 11 में अध्यनरत छात्रों की संयुक्त रूप से भर्ती कराने का निर्णय लिया गया था। जिसके क्रम में निर्धारित तिथि पर ही एमआईसी फतेहगढ़ में सुबह 7.00 बजे से भर्ती प्रारंभ की गई। भर्ती में प्रतिभाग करने वाले छात्र सुबह 6.00 बजे से ही एमआईसी फतेहगढ़ के गेट पर एकत्रित होने लगे। ठीक 7.00 बजे 12 यूपी बटालियन से सैन्य अधिकारियों ने आकर सभी इच्छुक छात्रों को गेट के अंदर किया। इसके बाद उनका फिजिकल तथा लंबाई नापने का कार्य प्रारम्भ किया। तत्पश्चात उत्तीर्ण छात्रों की लिखित परीक्षा ली गई। इस भर्ती में एमआईसी के 73 छात्रों ने तथा 46 जीआईसी के छात्रों ने प्रतिभाग किया। शारीरिक दक्षता में 73 में से 44 छात्र एमआईसी के तथा 46 में से 35 छात्र जीआईसी के उत्तीर्ण हुए हैं। जिन्होंने लिखित परीक्षा दी। लिखित परीक्षा 30 मिनट की कराई गयी। इन परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के परीक्षण उपरांत मेरिट बनाई जाएगी। मेरिट के आधार पर निर्धारित सीटों पर भर्ती की जाएगी। इसके बाद प्रशिक्षण प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इस भर्ती में प्रक्रिया में विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर द्वारा विद्यालय की पूरी व्यवस्था संभाली गयी तथा सभी छात्र को गाइड करते हुए एकत्रित किया। दोनों विद्यालयों के द्वारा पूर्व में उन्हीं छात्रों के प्रवेश किए गए जिनके पूरे पत्रजात विद्यालय में जमा थे तथा कक्षा अध्यापकों द्वारा सत्यापित किया गया। भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। इस अवसर विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर के साथ जीआईसी के एएनओ लेफ्टिनेंट राजू अहिरवार उपस्थित रहे। 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के समस्त सैन्य अधिकारी तथा कमांडिंग ऑफीसर कर्नल रोमिल शर्मा के समक्ष भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई। चयनित छात्रों की सूची परीक्षण के उपरांत घोषित की जाएगी। परीक्षण के दौरान जो भी छात्र पास होंगे, उनका एनसीसी के लिए चयन किया जायेगा।
