संकिसा, समृद्धि न्यूज। नगर के एक मोहल्ला निवासी एक किशोरी ने थाना मेरापुर में इंचार्ज दरोगा अवधेश अवस्थी के समक्ष मोहल्ले के ही दो युवकों के द्वारा नहाते समय वीडियो बना लेने तथा उसे वायरल करने की धमकी दिए जाने पर मुकदमा दर्ज करने के लिये प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन दरोगा ने विपक्षियों से सांठगांठ कर उनका मात्र शान्तिभंग में चालान कर खाना पूरी कर दी थी। जिसकी जानकारी होने पर किशोरी स्वयं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के समक्ष पेश हुई तब जाकर मेरापुर पुलिस ने नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर के एक मुहल्ला निवासी किशोरी की तहरीर के आधार पर मोहल्ले के निवासी युवक मोनू व सरवन पुत्रगण भंमरपाल के विरुद्ध छेड़छाड़, गाली गलौज जान से मारने की धमकी देने एवं पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।तहरीर के अनुसार 5 नवंबर 2023 को सुबह समय 11बजे किशोरी अपने घर पर नहा रही थी कि तभी आरोपित अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। जैसे ही किशोरी की नजर उपरोक्त आरोपितों पर पड़ी तो किशोरी ने वीडियो बनाने से मना किया, तो आरोपितों ने गाली-गलौज कर छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी दी और कहा कि तुम्हारा आपत्तिजनक वीडियो हमारे पास है। जहाँ हम बुलाएं वहां आ जाना नहीं तो हम तुम्हारा वीडियो सोशलमीडिया पर वायरल कर देगें। जिससे किशोरी काफी डर गयी। लोक लाज व भय के कारण किशोरी ने मेरापुर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन दरोगा अवधेश अवस्थी ने उक्त आरोपितों से साठगांठ कर आरोपितों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर खानापूर्ति कर दी, लेकिन मेरापुर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। तब जाकर किशोरी ने पुलिस अधीक्षक विकास कुमार से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मेरापुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मुकदमे की जांच दरोगा सुबोध यादव के सुपुर्द कर दी।
