
राजेपुर, समृद्धि न्यूज। थाना राजेपुर क्षेत्र में जलालाबाद की तरफ जा रही पिकअप में गुरुवार को परिवहन निगम की बस ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे पिकअप सामने जा रहे ट्रक में घुस गई। पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को हल्की चोटें आई हैं। मरने वाला पिकअप सवार पड़ोसी जिला कासगंज का रहने वाला बताया गया है।
पिकअप में सवार नवाब सिंह ने बताया कि वह कासगंज के नगला टाटी का रहने वाला है। आधा दर्जन लोग पिकअप पर सवार होकर पड़ोसी जिला शाहजहांपुर के कस्बा जलालाबाद मूंगफली खरीदने जा रहे थे। उनकी पिकअप जैसे ही राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर के पास पहुंची उस समय पीछे से आ रही रोडवेज बस ने पिकअप में टक्कर मार दी। जिससे उनके साथी देशराज की घटनास्थल पर मौत हो गई और कई लोग चुटहिल हो गए। नवाब सिंह ने बताया कि सभी घायलों को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। घटना की सूचना पाकर पहुंची राजेपुर थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि रोडवेज बस का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक के तीन बेटे हैं।
