बिना अनुमति गोल्फ कार्ट वाहनों का संचालन अवैध,प्रशासन करे कार्रवाई लगाये रोक-शरद

आरटीआई में मांगी गई जानकारी से हुआ बड़ा खुलासा 
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। शहर में धड़ल्ले से संचालित हो रहे तथाकथित “गोल्फ कार्ट” वाहनों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।इस कथित भ्रष्टाचार से जुड़े खुलासे को लेकर शनिवार को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया से मुखातिब हुए।इस दौरान उन्होंने इस गम्भीर मुद्दे को पूरी संजीदगी के साथ उठाया।प्रेसवार्ता के दौरान उनके साथ सपा छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह और जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन पाण्डेय भी उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए श्री शुक्ल ने बताया कि उनके द्वारा दाखिल आरटीआई (CTRNS/R/2025/60666) सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत 17 नवंबर 2025 को मांगी गई जानकारी के जवाब में परिवहन विभाग ने 09 दिसंबर को उपलब्ध कराई गई सूचना में स्पष्ट किया है कि अयोध्या जनपद में किसी भी गोल्फ कार्ट वाहन का न तो पंजीकरण हुआ है और न ही उनके संचालन की कोई अनुमति दी गई है।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), द्वारा जारी लिखित जनसूचना में कहा गया है कि कार्यालय अभिलेखों के अनुसार अयोध्या जनपद में कोई भी गोल्फ कार्ट पंजीकृत नहीं है तथा कार्यालय द्वारा किसी भी गोल्फ कार्ट वाहन के संचालन हेतु अनुमति प्रदान नहीं की गई है।रिपोर्ट में आगे यह भी उल्लेख किया गया है कि परिवहन कार्यालय द्वारा मोटरयान के विपरीत संचालन या अवैध रूप से चलाए जा रहे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई केंद्रीय मोटरयान अधिनियम,1988 की धारा 2(28) के अंतर्गत की जाती है।इस खुलासे के बाद यह बात स्पष्ट हो गई है कि अयोध्या में यदि कोई गोल्फ कार्ट वाहन बिना पंजीकरण या अनुमति के संचालित हो रहा है तो वह पूर्णतः गैरकानूनी है और ऐसे वाहनों पर परिवहन विभाग कभी भी कार्रवाई कर सकता है।सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मिली इस सूचना ने नगर में संचालित तथाकथित ई-गोल्फ या टूरिस्ट कार्ट्स की वैधता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।इसी बाबत 17 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को एक शिकायती पत्र शरद शुक्ला के माध्यम से प्रेषित किया गया है जिसमें अयोध्या में संचालित गोल्फ कार्ट की अनियमितताओं पर हो रही लापरवाही के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है।श्री शुक्ला ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है कि बिना पंजीकरण और अनुमति के अयोध्या में गोल्फ कार्ट जैसे वाहन खुलेआम संचालित हो रहे हैं।यह न सिर्फ मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।अयोध्या में कानून व्यवस्था का मज़ाक उड़ाते हुए बाहरी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है। परिवहन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए तथा सभी अवैध गोल्फ कार्ट के संचालन पर रोक लगानी चाहिए।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराये जाने और दोषी अधिकारियों एवं कंपनियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।इसी क्रम में समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि अयोध्या में बिना अनुमति चल रहे गोल्फ कार्ट प्रशासन की नाकामी का उदाहरण हैं।शहर में पर्यटकों की सुविधा के नाम पर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने सभी गोल्फ कार्ट का संचालन तत्काल रोका जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय किए जाने की मांग की है।जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अयोध्या विकास प्राधिकरण और परिवहन विभाग आपस में तालमेल न होने के कारण अवैध संचालन को अनदेखा कर रहे हैं। जिला प्रशासन को चाहिए कि तत्काल ऐसे सभी वाहनों को जब्त करे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगे।
ज्ञांत हो कि विगत दिनों गोल्फ कार्ट द्वारा कई ऐसी दुर्घटनाएं हुईं जिनसे स्थानीय और पर्यटकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है, यहाँ तक कि एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट की सूचना भी मिली है।अयोध्यावासियों की सुरक्षा, स्थानीय व्यापारियों की परेशानियों और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन को देखते हुए यह आवश्यक है कि जिला प्रशासन तत्काल इस अवैध संचालन पर रोक लगाए और जिम्मेदारी तय करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *