समृद्धि न्यूज। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के तिराह घाटी से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने मात्रे दारा गांव पर हवाई हमला किया। इस हमले में करीब 30 नागरिकों की मौत हो गई है, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बताया गया है कि यह बमबारी पाकिस्तानी वायुसेना के जेएफ-१7 विमान के जरिए की गई। जो बम बरसाए गए, वह घातक किस्म के एलएस-6 बम थे। यह घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है। धमाके इतने तेज थे कि गांव के गांव तबाह हो गए। हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोट्र्स की मानें तो पाकिस्तान की वायुसेना इन हमलों के जरिए आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को निशाना बनाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, आतंकियों के बजाय हमले में अधिकतर नागरिकों की मौत हुई। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने खैबर पख्तूनख्वा में अतीत में कई आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए गए हैं, और इस क्षेत्र से कई नागरिकों की मौत की खबरें आई हैं। खैबर पख्तूनख्वा की पुलिस के मुताबिक, इस साल जनवरी से अगस्त के बीच प्रांत में 605 आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें कम से कम 138 नागरिक और 79 पाकिस्तानी पुलिसकर्मी मारे गए, अकेले अगस्त में 129 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें छह पाकिस्तानी सेना और अर्धसैनिक संघीय कांस्टेबुलरी कर्मियों की हत्या भी शामिल है।
पाक वायुसेना ने खैबर पख्तूनख्वा में अपने ही लोगों पर बरसायें बम, 30 नागरिकों की मौत
