समृद्धि न्यूज। पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने अफगानिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के कैंपों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं, जबकि अफगान अधिकारियों ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हुए पाक सेना के हमलों में आम लोगों के हताहत होने की खबर दी है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार रात भीषण हवाई हमला किया। अफगान-पाक बॉर्डर को विभाजित करने वाली डूरंड लाइन के आसपास पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने जबरदस्त बमबारी की। दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों पर हमला बोला।
इस हमले में 17 लोगों की मौत होने की खबर है। हमले के बाद अफगानिस्तान ने कहा है कि हमले में मारे जाने वाले लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि पाकिस्तान की ओर से यह नहीं बताया गया कि हमले किन इलाकों में किए गए या इसमें कितना नुकसान हुआ। लेकिन पाक की ओर से तर्क दिया गया कि यह हमले रमजान शुरू होने के बाद से पाकिस्तान में हुए तीन आतंकवादी हमलों के जवाब में किए गए हैं। पाक के सूचना और प्रसारण के संघीय मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स पर लिखा कि सेना ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, या टीटीपी और उससे जुड़े सात कैंपों के खिलाफ इंटेलिजेंस-बेस्ड, सेलेक्टिव ऑपरेशन किए हैं, जबकि अफगान अधिकारियों ने इसे नागरिकों पर हमला बताया है। अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक धार्मिक मदरसे पर पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा हवाई हमला किए जाने की खबर है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस कार्रवाई में लड़ाकू विमानों ने बरमल के अलावा नंगरहार प्रांत के खोगयानी जिले में भी कई ठिकानों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक पक्तिका के बरमल और अर्गुन तथा नंगरहार के खोगयानी, बहसूद और गनी खेल जिलों में कई हवाई हमले किए गए हैं।
वहीं स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारी सईद तैयब हम्माद ने बताया कि पाकिस्तान ने शनिवार रात बेहसूद जिले में एक आम आदमी के घर को निशाना बनाया है। इस घटना में पूरे घर को काफी नुकसान पहुंचा है। परिवार के करीब 23 लोग मलबे में दब गए हैं, मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अभी तक 4 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा चुकी है। मलबे में दबे अन्य लोगों को भी निकालने की कोशिश जारी है। पाक के इस हमले में अभी तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, बताया जा रहा है कि जिस रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया है, उसमें एक मदरसा संचालित था।
