लेह हिंसा मामले में पुलिस ने सोनम वांगचुक को किया गिरफ्तार

समृद्धि न्यूज। लेह पुलिस ने सोनम वांगचुक को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी लेह हिंसा मामले में हुई है। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 90 लोग घायल हैं। लद्दाख की राजधानी लेह में हुई हिंसा के बाद से ही जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लगातार निशाने पर हैं। एक दिन पहले वांगचुक के स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख (एसईसीएमओएल) का एफसीआरए लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद आज शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि वांगचुक पर लगाए गए आरोपों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। वांगचुक की गिरफ्तारी लेह हिंसा मामले में की गई है। सरकार ने इस हिंसा के लिए वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया है। गिरफ्तारी से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वांगचुक स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख का एफसीआरए लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। मंत्रालय की ओर से यह कार्रवाई संगठन के खातों में पाई गई कई तरह की कथित विसंगतियों पर आधारित थी, जिसमें स्वीडन से धन अंतरण भी शामिल था और मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय हित के खिलाफ पाया।
स्थानीय संगठनों और वांगचुक समर्थकों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची के तहत विशेष संरक्षण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। आंदोलन के तेज़ होने के साथ ही प्रशासन ने एहतियातन कई इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। इस बीच गृह मंत्रालय की एक टीम ने शुक्रवार को लेह शहर में लगातार तीसरे दिन कफ्र्यू जारी रहने के बीच समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए कई बैठकें कीं। अधिकारियों ने बताया कि कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची के विस्तार की मांग को लेकर केंद्र के साथ बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए लेह एपेक्स बॉडी द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान हिंसा भडक़ उठी थी जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी और 90 अन्य घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *