हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली में बीते 24 फरवरी को मौरंग डालने और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में उदय प्रताप नामक युवक की लाठी लगने से मौत हो गई थी। घटना के संबंध में 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मवीर और उसके बेटे कुनाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की है। 26 फरवरी को दी गई तहरीर के अनुसार अभियुक्तों ने वादिनी की जमीन पर मौरंग डालने और पैसों के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज की थी। जब वादिनी के पुत्र उदय प्रताप नन्हें ने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। जिससे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त धर्मवीर ने बताया कि नन्हें के घर के सामने कुछ दिनों से उसकी मौरंग पड़ी थी। 24 फरवरी की शाम को नन्हें उर्फ उदय प्रताप ने अपने घर के सामने से मौरंग हटाने और मजदूरी का पैसा दिलाने को लेकर उससे हाथापाई और गाली-गलौज शुरू कर दी थी। मारपीट के दौरान धर्मवीर ने उसके सिर पर डंडा मार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *