समृद्धि न्यूज। देश के अलग-अलग हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। मैदानी इलाकों में जहां मानसूनी वर्षा बड़ी राहत लेकर आ रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में यह आफत बनकर बरस रही है। ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शनिवार को हुई बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी। 20 जून से 4 जुलाई के बीच 15 दिनों में ही दोनों राज्यों में भारी बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और वर्षा जनित सडक़ व अन्य हादसों में मरने वालों की संख्या 77 तक पहुंच गई है। अगले सात दिन उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश जारी रहेगी।
मानसून के प्रभाव से देशभर में बादल बरस रहे हैं। पहाड़ी राज्यों विशेषकर हिमाचल प्रदेश में मानसून आफत बनकर आया है। वहीं मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रविवार और सोमवार यानी आज और कल उत्तर भारत में भारी बारिश हो सकती है। देश की राजधानी में बरसात का दौर शुरू होने वाला है, मौसम विभाग के अनुसारए आज दिल्ली में दोपहर, शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है। बरसात के साथ-साथ दिल्ली में तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। आज दिन भर हल्की से मध्यम बरसात के साथ आंधी-तूफान और बिजली कडक़ सकती है। कल आसमान में सामान्य रूप से बादल रह सकते हैं। कल दिल्ली में मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में बारिश 11 जुलाई तक हो सकती है।
यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में आज पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अनेक जगहों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आज यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, कल से 10 जुलाई तक प्रदेश में अनेक जगहों पर बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। 11 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बरसात हो सकती है।
इन जिलों भारी बारिश का येलो अलर्ट
जिसमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर के इलाके शामिल है।
यहां है मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना
जिसमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।
इन राज्यों में भी होगी बरसात
इस दौरान हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में सात और आठ तारीख को भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। आज और कल पंजाब और हरियाणा में भारी बरसात को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
