कानपुर: दिल्ली जाने वाली एक फ्लाइट को कानपुर एयरपोर्ट पर उस वक्त रोकना पड़ा, जब उड़ान से पहले केबिन में चूहा दिखाई दिया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को डी-बोर्ड किया गया और विमान में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
कानपुर एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब दिल्ली के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान के अंदर अचानक चूहे के दिखाई देने की सूचना मिली। दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पर दोपहर 2:10 बजे फ्लाइट पहुंची थी और निर्धारित समयानुसार 2:50 बजे उसे दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन उड़ान से कुछ समय पहले ही कू्र मेंबर ने केबिन में एक चूहे को घूमते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। एयरलाइंस के टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड कू्र ने मिलकर विमान के अंदर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। विमान के हर हिस्से की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि, यह सुनिश्चित किया जा सके कि उड़ान के दौरान किसी भी तरह का सुरक्षा जोखिम न हो। ऐसे में टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड कू्र ने मिलकर विमान के हर कोने की जांच की। तीन घंटे तक चूहे की तलाश की गई। इसके बाद केमिकल डालकर चूहे को मारकर बाहर निकाला गया। उड़ान के दौरान किसी तरह का खतरा न हो इसके लिए लगातार चूहे को बाहर निकालने का प्रयास जारी रहा। यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में सुरक्षित भेज दिया गया है। देरी होने पर कुछ यात्रियों ने नाराजगी भी जताई। उनका कहना है कि यह सब पहले से ही सुनिश्चित करना चाहिए। इस दौरान कई यात्रियों ने टिकट कैंसल करा दी और वापस चले गए। वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि चूहे को बाहर निकाला जा चुका है। कुछ ही देर में एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेगा।
कानपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में घुसे चूहे, मची अफरा-तफरी, यात्रियों को करना पड़ा डी-बोर्ड
