फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यूपी बोर्ड ने छात्र-छात्राओं की बेहतर परफार्मेन्स के लिये इस बार नया कदम उठाया है। वर्ष २०२३-२४ की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थी अच्छे अंक ला सकेंगे। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में उपचारात्मक कक्षायें लगाने के निर्देश जारी किये है।
सचिव नीरज कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा में विद्यार्थी अच्छे अंक ला सकें। इसके लिए स्कूलों में उपचारात्मक कक्षायें लगायी जायेगी। इस हेतु कक्षावार कमजोर विद्यार्थियों का चयन किये जाने के निर्देश जारी किये गये है। शिक्षक विद्यार्थियों की कमजोरी का पता लगाकर बोर्ड परीक्षा २०२४ से पूर्व उसे दूर करने का प्रयास करेंगे। जानकारी के मुताबिक गणित, विज्ञान और वाणिज्य आदि विषयों में विद्यार्थियों की कमी का पता लगाया जायेगा। उसके पश्चात शिक्षक कक्षा में ही विद्यार्थियों की विषय की कमजोरी को दूर करने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा अलग से समय देकर शिक्षक द्वारा उपचारात्मक कक्षाएं लगाकर कमजोर विद्यार्थियों को समझाया जायेगा।
फरवरी-मार्च में होगी बोर्ड परीक्षा 2024 वर्ष 2023-24 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जनवरी तक परीक्षाओं को लेकर स्थिति और स्पष्ट कर दी जायेगी। बोर्ड की ओर से जनवरी २४ में परीक्षा की समय सारणी (स्कीम) जारी कर दी जायेगी। उम्मीद है फरवरी के दूसरे सप्ताह में हाईस्कूल और इंटर मीडिएट की परीक्षाएं शुरु हो जायेगी। मार्च तक परीक्षाएं कराने का कार्यक्रम जारी चलेगा
