नरक में जीवनयापन कर रहे मोहल्ला भूसामंडी के वाशिंदे

नालियां चोक होने से गलियां हुईं जलमग्न, घरों में घुसा पानी
ऐसे में संचारी रोगों पर कैसे लग सकेगा नियंत्रण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नालियां चोक होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जिससे मोहल्ला भूसामंडी के वाशिंदे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गंदे पानी में पनप रहे मच्छर व लार्वा से होने वाली बीमारियों को लेकर लोग खासे परेशान हैं।जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ के मोहल्ला भूसामंडी में नालियों की सफाई न होने से नालियां चोक हो गयी हैं। आज हुई झमाझम बरसात ने और मुश्किलें बढ़ा दीं। पानी की निकासी न होने से जलभराव हो गया। निचले मकानों में पानी घुस गया। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग नगर पालिका को कोसते नजर आये। यहीं के वाशिंदे शिवकिशोर का कहना है कि थोड़ी देर की बरसात में पानी लोगों के घरों में भर जाता हैं। हालांकि नगर पालिका को कई बार अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। नाले के कचड़े को पास के निजी प्लॉट में डाल दिया जाता है। जिससे बरसात में वह फिर उसी नाले में पहुंच जाता है। सभासद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। राजमिस्त्री अजय कुमार का कहना है कि अभी कुछ भी बरसात नहीं हुई, तब यह आलम है। जबकि अभी पूरा सावन बाकी है। तब मोहल्ले का हाल क्या होगा। यह सोचकर काफी घबराहट होती है। नाले के बगल में ही संतोष यादव का निजी प्लॉट है जहां वह गोबर डालते हैं। जिससे बीमारी बढऩे के आसार है। कमला देवी का कहना है कि घर के ठीक सामने संतोष यादव गोबर डाल रहे हैं। कई बार कहा की यह काम आप बाउंड्री उठाकर करें, पर वह अनसुनी कर देते हैं। एक तरफ नाले की साफ -सफाई न होना और ऊपर से ये गोबर दरवाजे के सामने डालने से वह बेहद परेशान है। इसमें प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *