सैफई , समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई की यूपीयूएमएस एम्प्लॉइज एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रविन्द्र सिंह को उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति रविन्द्र सिंह का न्यायिक अनुभव, अनुशासनप्रियता और नेतृत्व क्षमता प्रदेश में वॉलीबॉल खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। राजधानी लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सभागार में उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ की साधारण सभा की बैठक एवं चुनाव सम्पन्न हुए, जिसमें वर्ष 2025 से 2029 तक की नई कार्यकारिणी गठित की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से न्यायमूर्ति रविन्द्र सिंह को अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन का सभी सदस्यों ने स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में वॉलीबॉल खेल को नई दिशा व ऊर्जा मिलेगी।
गौरतलब है कि सेवानिवृत्त जस्टिस रविन्द्र सिंह मैनपुरी जनपद के मूल निवासी हैं। न्यायिक सेवा के दौरान वह अपनी निष्पक्ष कार्यशैली और प्रशासनिक कुशलता के लिए पहचाने गए। खेलों, विशेषकर वॉलीबॉल के प्रति उनके प्रेम को इटावा और मैनपुरी जिले के खेल प्रेमी भलीभांति जानते हैं। उनके अध्यक्ष बनने पर विश्वविद्यालय के एम्प्लॉइज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ही सैफई वॉलीबॉल टीम से जुड़े धर्मेंद्र यादव, अभिषेक यादव, हर्ष यादव, होली यादव आदि खिलाड़ियों ने भी खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त जस्टिस रविन्द्र सिंह बने यूपी वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष, एम्प्लाइज एसोसिएशन ने दी बधाई
