विद्यालय मे आयोजित हुआ सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह

*शिक्षक कुम्हार की भांति होता है: रणवीर सिंह

बहराइच समृद्धि न्यूज़ फखरपुर ब्लाक के संविलियन विद्यालय धर्मापुर में गुरुवार को सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। संविलियन विद्यालय धर्मापुर के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक जगदंबा प्रसाद सिंह को मुख्य अतिथियों व शिक्षकों ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। विद्यालय के नवागत प्रधानाध्यापक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक ने वर्षों से कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। पूरे विद्यालय का मुखिया की भांति संचालन किया। भाजपा कार्यकर्ता डीपी अवस्थी ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक ने अध्यापक होने की सभी जिम्मेदारियों का पूरी प्रतिबद्धता से पालन किया है। होनहार अध्यापक कि विदाई का बहुत दुख है, आप और आपका कठिन परिश्रम सदैव जीवंत रहेगा। विशिष्ट अतिथि बीईओ जगन्नाथ यादव ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक ने अपने कार्यकाल में विद्यालय उन्नयन के जो बहुमूल्य और प्रभावी सुझाव दिए हम उन्हें साकार करेंगे। मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने कहा कि शिक्षक कुम्हार की भांति होता है। जैसे कुम्हार मिट्टी से भांति भांति के बर्तनों का निर्माण करता है वैसे ही शिक्षक सैनिक, जज, आईएस, पीसीएस, शिक्षक, राजनेता आदि का निर्माण करता है। शिक्षक संघ के संरक्षक साकेत भूषण तिवारी ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक कर्तव्यपरायणता, सौम्यता व शालीनता की प्रतिमूर्ति के रूप में विद्यालय में शिक्षण कार्य किए। आशा है कि श्री सिंह सेवानिवृत्त के बावजूद शैक्षिक उन्नयन के लिए विद्यालय का समय समय पर मार्गदर्शन करते रहेंगे। सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक ने सभी शिक्षकों व अभिभावकों का भावुकता के साथ धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान शिक्षक भूपेंद्र सिंह, उमेश कुमार, ओमप्रकाश पाल, दीपिका सचान, रामधीरज, सरिता सिंह, बाल कृष्ण मिश्र आदि ने सेवानिवृत्त शिक्षक को विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *