आगरा एक्सप्रेस वे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस:3 यात्रियों की मौत, 11 घायल

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे के किनारे खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार रोडवेज बस टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अंदर सो रहे यात्रियों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। सभी एक दूसरे के उपर गिरने लगे। कुछ यात्री बस की बॉडी के नीचे दब गए।
हादसे में बस में सवार 3 यात्रियों की कुचलकर मौत हो गई, जबकि 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया ।

पुलिस ने बताया- बस में कुल 35 लोग सवार थे। आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी। चालक को झपकी आने के कारण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ चौकी के पास यह हादसा हो गया।

शेष यात्रियों को दूसरी बस से उनके घर भेजा गया। हादसे के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी शीशे चकनाचूर हो गए। फिलहाल पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ चौकी से कुछ ही दूरी पर बीती रात राजस्थान नंबर के एक ट्रक (RJ 29 GB 1397) ने एक रोडवेज बस में हल्की टक्कर मार दी थी। हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची बांगरमऊ पुलिस ने ट्रक को टोचन कराकर बांगरमऊ चौकी के पास एक्सप्रेसवे के किनारे रोड पर ही खड़ा करा दिया था।

रात करीब 2 बजे लखनऊ से आगरा जा रही एक दूसरी रोडवेज बस (UP78 KN 2230) रोडसाइड खड़े इस ट्रक के पीछे से टकरा गई। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। जिनमें से 31 को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में 3 को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि 11 का इलाज जारी है। शेष यात्रियों को पुलिस ने दूसरी बसों से उनके घर भेज दिया।।

मृतकों में सीतापुर के केल पुरवा गांव निवासी मुकेश सिंह राजपूत (20) पुत्र रमा शंकर समेत 2 अज्ञात शामिल हैं। वहीं घायलों में कुशीनगर, गाजीपुर, आगरा, दरभंगा (बिहार), लखनऊ, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कन्नौज, मथुरा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच और उन्नाव के यात्री शामिल हैं।
वंदना साहनी पुत्री ठगई साहनी अहिरौली बाजार, कुशीनगर
रमेश पुत्र शिव पूजन निवासी खंडारा थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर
अनीता साहनी पत्नी मंगेश साहनी निवासी कुशीनगर, गोरखपुर
सुशील कुमार पुत्र रामजी लाल निवासी बालाजी नगर एत्माद्दौला, आगरा
राजाराम पुत्र गोपाल राय निवासी धवोविया थाना कसेमार, दरभंगा
सुनील पुत्र कमलेश निवासी अमीनाबाद, लखनऊ
रुद्र पुत्र राजकुमार निवासी उसका बाजार, सिद्धार्थ नगर
सुमित्रा पत्नी राजकुमार निवासी उसका बाजार, सिद्धार्थ नगर
अनन्या पुत्री मंगेश साहनी अहिरौली बाजार, कुशीनगर
अवधेश पुत्र रामनरेश करौली बालाघाट, गोरखपुर
तारादेवी पत्नी नागेन्द्र निवासी कोठरा अहिरौली, कुशीनगर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *