पूर्व सैनिक के खाते से २ लाख २० हजार किये पार

एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। साइवर क्राइम मास्टर माइंड ने पूर्व सैनिक के खाते से २ लाख २० हजार रुपये पार कर दिये। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी।पीडि़त पूर्व सैनिक ने एसपी से की शिकायत में दर्शाया कि ७ नवंबर को उसके फोन पर एक व्यक्ति ने बैंककर्मी बनकर फोन किया और कहा कि आप अपना क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल नहीं कर रहे हो। अगर ्क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल नहीं करोगे,तो तुम्हारे खाते से ४ हजार रुपये जायेंगे। मैंने उससे बंद करने को कहा, तो उसने कहा कि अपना एकाउंट व ओटीपी बता दो। उसके द्वारा जो कुछ पूछा गया मैंने बता दिया। उसका दोबारा फोन आया कि सरबर डाउन था, इसलिए क्रेडिट कार्ड बंद नहीं हो पाया। पुन: उसने डिटेल बताने को कहा। शक होने पर मैंने अपना फोन बंद कर लिया और भारतीय स्टेट बैंक पहुंचकर बैंक मैंनेजर को घटना की जानकारी दी। जिस पर बैंक मैंनेजर ने क्रेडिट कार्ड का काम देख रहीं कर्मचारी दिव्या शुक्ला के पास भेज दिया। उन्होंने पीडि़त को आश्वासन दिया कि अब तुम्हारा क्रेडिट कार्ड बंद होने की कार्यवाही की जा रही है। अब तुम्हारा एक रुपया भी कोई नहीं निकाल पायेगा। करीब ४.३० बजे उसके मोबाइल पर फोन आया कि तुम्हारे खाते से २ लाख २० हजार रुपये निकाल लिये गये। इस पर मैं पुन: बैंक गया और घटना की जानकारी बैंक अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने स्टेटमेंट निकालकर मुझे दिया और पुलिस के पास भेज दिया। जिस पर मैं पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा और प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर साइबर क्राइम सेल ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *