उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जनपद के बदरका में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर त्रिदिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। आज़ाद की जन्मभूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा सांसद साक्षी महाराज पहुंचे । उन्होंने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दूसरे दिन सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि आज़ाद ने कम उम्र में देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया था। उनका साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम सदैव स्मरणीय रहेगा।
साक्षी महाराज ने चंद्रशेखर आजाद के नारे ‘आजाद हूं, आज़ाद रहूंगा’ को स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ना है। सांसद ने आयोजन समिति को इस कार्यक्रम के लिए बधाई भी दी।
इस दौरान सांसद साक्षी महाराज ने माखी रेप कांड के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन उनका व्यक्तिगत मत है कि इस पूरे मामले में कुलदीप सिंह सेंगर के साथ अन्याय हुआ है।
साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि न्याय मिलने में काफी देर हुई और इस प्रकरण के चलते उन्नाव का नाम देशभर में बदनाम हुआ, जिसका असर जनपद की छवि पर पड़ा है। उन्होंने न्यायालय से हर पहलू पर विचार कर निर्णय करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर दंगे भड़काने और हत्याओं से जुड़े गंभीर आरोप हैं, उन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए। साक्षी महाराज ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत ने जो निर्णय लिया है, वह उचित है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे और शहीद चंद्रशेखर आज़ाद को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। तीन दिवसीय समारोह के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
