फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन बिल एवं ऐरियर अब मानव संपदा पोर्टल के पे रोल माड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन बनाकर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजे जायेंगे। अभी तक वेतन बिल एवं ऐरियर की गणना के बाद उनको कागज पर बनाकर भेजा जाता था। शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन बिल व ऐरियर पोर्टल के जरिये भेजने के पश्चात वित्त एवं लेखाधिकारी ऑनलाइन सत्यापन सत्यापन करेंगे। उसके बाद कोषागार से ऑनलाइन भुगतान खातों में किया जायेगा। जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा में ६३ अनुदानित (एडेड) विद्यालय संचालित हैं। जिनका वेतन व ऐरियर एन.आई.एस. (मैनेजमेंट इनफारमेशन सिस्टम) साफ्यवेयर के माध्यम से बनाने के बाद अभी तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजा जात था। परन्तु प्रदेश सरकार ने मानव संपदा पोर्टल से वेतन एवं ऐरियर बिल बनाये जाने की व्यवस्था की है। बिल बनाये जाने के पश्चात प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्य उसे ऑनलाइन जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजेंगे। जांच के बाद सत्यापन हेतु वित्त एवं लेखाधिकारी को भेज देंगे। सत्यापन के पश्चात बिल ऑनलाइन कोषागार जायेंगे। इसके पश्चात शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन वेतन की धनराशि उनके खातों में भेजी जायेगी। प्रधानाचार्य २४ से २५ तारीख तक तैयार वेतन बिलों को पोर्टल पर लॉक करेंगे। २६ से २९ तारीख तक जिला विद्यालय निरीक्षक को पोर्टल पर लॉक करना होगा। इसके बाद वित्त एवं लेखाधिकारी बिलों का सत्यापन कराकर भुगतान करायेंगे। वेतन वृद्धि, प्रोन्नत व चयन वेतनमान, पदोन्नति, ग्रेड वेतन एवं महंगाई भत्ते के अवशेष आदि का भुगतान भी माध्यमिक शिक्षा निदेशक भी इसी पोर्टल से करेंगे। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य नरेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने शासन की इस नयी व्यवस्था की सराहना की है। —————————-
