समृद्धि न्यूज। शुक्रवार देर रात संभल व उन्नाव जिले में अलग-अलग हुए दो भीषण सडक़ हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। बरातियों की बोलेरो कॉलेज की दीवार से टकरा गई। हादसे में दूल्हे समेत आठ लोगों की जान चली गई। बरात बदायूं जा रही थी। जुनावई में मेरठ-बदायूं रोड पर यह हादसा हुआ। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे पर एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि जुनावई में एक न्यू बोलोरो कार तेजी से आई और जनता इंटर कॉलेज की दीवार से भिड़ गई। जिसमें दूल्हा भी शामिल था, जानकारी मिलने पर तुरंत रेस्क्यू किया गया गया। जिसमें जुनावई सीएचई पर पांच लोग मृत अवस्था में लाए गए।जिनमें सूरज (24) पुत्र सुखराम दूल्हा, भाभी आशा (26), उसकी बेटी ऐश्वर्या (2), सचिन (22) गणेश (01), कोमल (18), मधु (20) व चालक रवि (28) की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस कार में कुल 10 लोग मौजूद थे। 5 लोगों की मौके पर और तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा।
बताया गया मेरठ-बदायूं रोड पर शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे बरातियों की बोलेरो अनियंत्रित होकर इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई थी। हादसे में दूल्हे सूरज पाल (20) समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे की बहन, चाची, चचेरी बहन और रिश्तेदार भी शामिल थे।
संभल के जुनावई थाना क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव निवासी सुखराम ने अपने बेटे सूरज की शादी जनपद बदायूं के थाना बिल्सी इलाके के सिरसौल गांव में तय की थी। शुक्रवार की शाम बरात गांव सिरसौल जा रही थी। बरातियों की 11 गाडिय़ां पहले ही सिरसौल के लिए रवाना हो गईं थीं। एक बोलेरो पीछे रह गई थी, जिसमें दूल्हे समेत 10 लोग सवार थे। रास्ते में बोलेरो जुनावई स्थित जनता इंटर कॉलेज की दीवार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से घायलों को बोलेरो से बाहर निकला और सीएचसी ले गए। हादसे की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। बोलेरो कॉलेज की दीवार से टकरा गई थी।
हादसे के बाद विधायक गुन्नौर रामखिलाड़ी यादव के बेटे अखिलेश यादव सूचना पाकर सीएचसी पहुंचे और घायलों व उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसी दौरान पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली और मृतकों और घायलों के परिजनों को सांत्वना दी।
ट्रक ने पिकअप और बाइक को मारी टक्कर
वहीं उन्नाव में कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक बड़ा सडक़ हादसा हुआ। शेखपुर नरी कट के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार दूर जा गिरा। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए। राहगीरों और मौके पर पहुंचे कोतवाली सदर प्रभारी अवनीश सिंह ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान तीन लोगों रंजीत कुमार निवासी सिंगरोसी, रमेश निवासी होशियार नगर और मो0 असगर निवासी कासिम नगर की मौत हो गई, जबकि मोहिनी और बाबूराम गंभीर रूप से घायल हैं।