
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सरकार द्वारा चलाई जा रही मनरेगा योजना को सरकार के ही कर्मचारी पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। कागजों में मनरेगा का कार्य दर्शाया जा रहा है, जबकि धरातल पर शून्य पाया गया।नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवरईमठ में शनिवार को मनरेगा द्वारा चलाई जा रही योजना के विकास कार्यों को देखा गया। जिसमें ग्राम पंचायत के नगला जहांपुर के प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्री बाल का निर्माण कार्य अभिलेखों में दर्शाया गया। वहीं दूसरी जगह नाला सफाई तथा चकरोड अभिलेखों में दर्शायी गयी, लेकिन जब वहां जाकर देखा, तो सच्चाई कुछ और बयां कर रही थी। जिस जगह पर अभिलेखों में कार्य दर्शाया गया, वहां बीते कई दिनों पूर्व कार्य बंद कर दिया गया। प्राथमिक विद्यालय जहांपुर के प्रधानाध्यापक बृजेश गंगवार ने बताया कि उनके यहां बाउंड्री बाल का निर्माण कार्य चार-पांच दिन पूर्व बंद कर दिया गया है तथा गेट अभी भी चढ़ाना बाकी है, लेकिन वही ग्राम पंचायत में अभिलेख पर कार्य दर्शाया जा रहा है। जब इस बाबत एपीओ गौरव दिवाकर से जानकारी करनी चाही, तो वह अपने पटल पर नहीं मिले। वहीं फोन द्वारा संपर्क करने पर वह दूसरे विकास खंड में मौजूद थे, लेकिन मनरेगा के कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली की जा रही है। जिससे विकास खंड क्षेत्र में लाखों रुपए का सरकार को नुकसान हो रहा है। धरातल पर कुछ भी नहीं पाया गया। वहीं ग्राम सचिव ने भी यह बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि वह ग्राम प्रधान तथा रोजगार सेवक से संबंधित मामला है, लेकिन फिर भी उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
