बारिश के चलते 3 सितम्बर को कई राज्यों में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज

समृद्धि न्यूज। देश के कई राज्यों में बारिश से कोहराम मचा हुआ है। हिमाचल प्रदेश का भी बुरा हाल है। मंगलवार से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण रेल सेवा स्थगित कर दी गई,छह राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 1,311 सडक़ें यातायात के लिए बंद कर दी गईं। वहीं यूपी व कई राज्यों के कई जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए कुछ इलाकों में रेड अलर्ट और 3 सितंबर को भी भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूपी के इन जिलों में 3 सितम्बर को रहेगा अवकाश

गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलों के सभी स्कूलों में 3 सितंबर 2025 को अवकाश घोषित कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक, जनपद में संचालित परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई और आईसीएससी बोर्ड से संबद्ध शिक्षण संस्थान तथा मदरसा बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूल इसमें शामिल होंगे। यह अवकाश कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी छात्रों पर लागू होगा। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। वहीं मेरठ में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी किया है कि 3 सितंबर को भी सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई और मदरसा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों की छुट्टी रहेगी। वहीं मथुरा में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल दो दिन के लिए बंद रहेंगे।

पंजाब में कल सभी स्कूल बंद

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूल 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

हरियाणा और चंडीगढ़, उत्तराखंड में भी स्कूल बंद

हरियाणा: झज्जर जिले में भी जलभराव की स्थिति के कारण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 3 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ प्रशासन ने भी 3 सितंबर को सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है। हालांकि, स्कूल प्रशासन गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए शिक्षकों को बुला सकता है।
उत्तराखंड: उत्तराखण्ड के कई जिलों में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
वहीं, मौसम विभाग के मुताबिकस दिल्ली-एनसीआर में आने वाले चार-पांच दिनों तक रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें जारी रहेंगी। बारिश का सबसे बड़ा असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर पड़ा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता अति उत्तम श्रेणी में पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *