
कंपिल, समृद्धि न्यूज। एसडीएम कायमगंज ने तहसीलदार के साथ ट्रैक्टर से क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों से वार्ता की। उन्हें भरोसा दिलाया कि बाढ़ के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। भयभीत होने की जरूरत नहीं। उन्होंने पीडि़तों की मांग पर राशन बांटने व दो नाव लगाने के आदेश दिए। इसके बाद शाहपुर गंगपुर गौशाला के चारों तरफ भरे बाढ़ के पानी का निरीक्षण किया। एसडीएम यदुवंश कुमार वर्मा तहसीलदार संतोष कुमार कुशवाह के साथ बुधवार दोपहर इकलहरा पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रधान व बाढ़ पीडि़तों से समस्याओं के बारे में जानकारी की। इसके बाद वह बाढ़ प्रभावित गांव बिहारीपुर, हमीरपुर मजरा जात, गढ़ी, पथरामई व शाहपुर गंगपुर में ट्रैक्टर पर बैठ कर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर दो नावें मुहैया कराई गयी है। इन नावों को चलाने के लिए परिपक्व व्यक्तियों को तैनात किया जाएगा। ग्रामीणों को रहने के लिए गांव का प्राथमिक विद्यालय प्रधान के सहयोग से साफ करा दिया गया है लोगों को गुरूवार से पॉलिथीन, खाद्य सामग्री आदि मुहैया कराने के आदेश दिए। लोगों को पीने हेतु स्वच्छ पानी मिले इसके लिए टैंकर मुहैया कराया गया।

