बुजुर्ग दंपति की घर में घुसकर हत्या से क्षेत्र में सनसनी

वृद्ध का बेड पर तथा पत्नी का शव आंगन में पड़ा मिला
पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी ने पहुंचकर की जांच
एसपी ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए गठित कीं तीन टीमें
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। बुजुर्ग दंपति की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गयी। घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब दूधिया घर में दूध देने गया। उसने घटना की जानकारी मोहल्ले के लोगों को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घटना की सूचना आलाधिकारियों को दी गयी। जिस पर पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है। पुलिस लूट के इरादे से की गई हत्या के एंगल पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र नगर के मोहल्ला कूँचा गंगा दरवाजा निवासी पुरुषोत्तम कौशल उम्र 70 वर्षीय व उनकी पत्नी पुष्पा कौशल उम्र 65 वर्ष अकेले रहते थे। पुरुषोत्तम लगभग बीते 8 सालों से लकवाग्रस्त हो गये थे। जिस कारण वह बेड पर लेटे रहते थे। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह पुष्पा कौशल अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसके बाद क्या हुआ, किसी को जानकारी नहीं है। दोपहर करीब 2:00 बजे दूधिया बृजेश जो उनके घर दूध देने आता है, आया और अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गया और बाहर आकर मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी। मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि पुरुषोत्तम बेड पर मृत पड़े थे तथा उनकी पत्नी पुष्पा कौशल आंगन में मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके गले में तार से फंदा कसा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, अपराध इस्पेक्टर सुरजीत सिंह यादव, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर, एसओजी प्रभारी सचिन चौधरी व डॉक स्क्वाड टीम आदि पहुंची और जांच पड़ताल की। घटना की सूचना आलाधिकारियों को दी गयी। जिस पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह व जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने घटना के खुलासे के लिए एक टीम गठित की है। उन्होंने कहा कि घटना का जल्द खुलासा किया जायेगा। उन्होंने माना कि दंपति की हत्या की गयी है। फिलहाल पुुलिस ने कई बिन्दुओं पर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरा।

मृतकों के कोई संतान न होने से बच्ची को लिया था गोद

आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक दंपति के कोई संतान नहीं थी। उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया था। जिसकी लगभग 8 माह पूर्व विवाह जनपद एटा के थाना क्षेत्र अलीगंज के गांव अकबरपुर में किया था। बेटी और दामाद दिल्ली में रहते हैं। जब पुरुषोत्तम स्वस्थ थे, तो वह खरबूजा और तरबूज के बीज की खरीद और बिक्री करते थे, लेकिन इसके बाद उन्हें लकवा मार गया तब से वह बेड पर ही पड़े रहते थे।
लूट के इरादे से तो नहीं की गयी हत्या ?
घटना के बाद जहां मृतक बेड पर लेटा था, वहां स्थित अलमारी खुली पड़ी है। उसमें रखा सारा सामान अस्त व्यस्त फैला हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहीं लूटपाट के इरादे से तो हत्या नहीं की गयी है। शुरुआती जांच में लूट के बाद दंपती की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ भी बताने से बच रही है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच पड़ताल कर रही है। घटना को लेकर इलाके में सनसनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *