फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय वन्य जीव संस्थान के द्वारा नमामि गंगे जलज परियोजना के अंतर्गत संचालित सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन रामपुर ढपरपुर में किया गया। उक्त कार्यक्रम में गंगा ग्राम की महिलाओं व बेटियों को तीन माह तक सिलाई व कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला गंगा समिति की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने उपस्थित सभी लोगों को गंगा संरक्षण के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी का हमारे जीवन में बहुत अधिक महत्व है। हम सभी गंगा के किनारे निवास करते हैं। अत: हम सभी की जिम्मेदारी है की गंगा को स्वच्छ अविरल व निर्मल बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। गंगा ग्रामों में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, वृक्षारोपण, वन्य जीव संरक्षण, जल संरक्षण आदि बिंदुओं पर विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि गंगा एवं उनके आसपास के ग्रामों को स्वच्छ बनाने के लिए हम सभी अपने स्तर से प्रयास करें। कार्यक्रम को संचालित कर रहे प्रोजेक्ट अस्सिटेंट शुभम कटियार ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहे हैं जिनके द्वारा गांव की महिलाओं एवं बेटियों को आगे बढऩे का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में भी अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम प्रधान नरोत्तम सिंह राजपूत ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये।
नमामि गंगे परियोजना के द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण का हुआ समापन
