पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सोमवार और मंगलवार को अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में 14 फरवरी तक वर्षा और कहीं-कहीं बर्फबारी होने की उम्मीद है।
देशभर के ज्यादातर राज्यों में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है. तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसकी वजह से फरवरी में ही लोगों को अप्रैल वाली गर्मी का एहसास हो रहा है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में पारा 30 पार कर गया है. वहीं आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार सुबह के समय और रात के वक्त धुंध/हल्का कोहरा छाने की संभावना है. साथ ही कुछ इलाकों में दिन के वक्त बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के जारी किए गए डाटा के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है और इस साल में अब तक का सबसे अधिक तापमान भी रहा. इससे पहले 31 जनवरी को सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. दिल्ली में 9 फरवरी को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस था.
मौसम रहेगा शुष्क
यूपी में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. राज्य के कई इलाकों में तापमान फरवरी महीने में ही तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के पास करीब पहुंच गया है. आईएमडी से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक राज्य में फिलहाल 5 दिनों तक मौसम को लेकर कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 10 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा. बिहार में अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अभी तेज पछुआ हवाएं चलती रहेंगी, जिसकी वजह से लागों सुबह और रात के हल्की ठंड महसूस होगी. हालांकि दिन के धूप भी निकलेगी. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आज मौसम शुष्क रहेगा. वहीं अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
शीतलहर चलने की संभावना
गुजरात में ठंड का कहर जारी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में कभी चटख धूप खिल रही है, तो कभी बूंदाबांदी देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 और 11 फरवरी तक राज्य में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है. वहीं ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. ऐसे में प्रदेशभर में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ सकती है.मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं विभाग ने बर्फबारी की वजह से मौसम विभाग ने सोमवार को नागरिकों और नागरिकों और पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया. इसके अलावा सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में 14 फरवरी तक वर्षा होने की उम्मीद है.
पहाड़ों पर पारा गिरा, बढ़ी ठंड
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तरी अफगानिस्तान के निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के आठ जिलों में सोमवार और मंगलवार को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। न्यूनतम पारा गिरने से इन क्षेत्रों में ठंडक बढ़ने के आसार हैं। सोमवार और मंगलवार को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है। मैदानी जिलों में पारा चढ़ने के आसार हैं। केलांग में माइनस 5.5, ताबो में माइनस 5.3, कुकुमसेरी में माइनस 3.9 समेत कुछ अन्य स्थानों पर रात का पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया।
