ओवर स्पीडिंग में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के वाहनों का आठ लाख का चालान

समृद्धि न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ये सरकार जनता से वसूली कर रही है। सुविधाएं नहीं दे रही है, लेकिन जमकर टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरी गाड़ी का ओवर स्पीडिंग के कारण 8 लाख रुपये का चालान कर दिया। भाजपा के लोग पूरा सिस्टम चला रहे हैं। पुलिस पैसा वसूल रही है। सरकार की तरफ से जो गाड़ी हमें दी गई है वो चलने की हालत में नहीं है।
अखिलेश यादव ने खुद बताया कि कल मुझे मेरी गाड़ी का चालान मिला। सरकार ने चालान किया है तो हमने कहा कि जो चालान है, वो भर दो। जब चालान देखा तो पता चला पूरे काफिले के चालान के लिए मुझे आठ लाख रुपये का चालान भरना है। जो सीसीटीवी कैमरा चला रहा है, वो बीजेपी का आदमी होगा। अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्र कैसे बर्बाद हों, सरकार इसपर काम कर रही है। ये सरकार नहीं चाहती कि पढ़-लिखकर कोई सरकार से सवाल करे, इसलिए ये किसी को पढऩे नहीं देना चाहते। एबीवीपी के मामले में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में आंदोलन होना चाहिए। एबीवीपी का मतलब अखिल भारतीय वीडियो ऑफ़ पिटाई बन गया है, शैक्षणिक संस्थान बिना मान्यता के संस्थान चलाकर बच्चों का भविष्य खऱाब कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि जुगाड़ आयोग भाजपा के लिए वोटों का इंतजाम कर रहा है। अब उनकी चोरी पकड़ी जा चुकी है। ये लोग देश के साथ धोखा कर रहे हैं।

जब जुगाड़ आयोग ही धोखा करे तो लोग कहां जाएं। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार के अब गिनती के दिन ही बचे हैं। ये जल्दी ही जाने वाले हैं। कहा कि प्रधानी के चुनाव में बिल्कुल भी वोट चोरी नहीं हो पाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि जीएसटी दरों में बदलाव पूरी तरह चुनाव को देखते हुए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेक इन इंडिया का नारा देने वाली भाजपा चीन का माल देश के बाजारों में भर रही है। इससे वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना खत्म हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *