
कंपिल, समृद्धि न्यूज। एसपी ने थाने का वार्षिक निरीक्षण कर मातहतों को दिशा निर्देश दिए। निर्माणाधीन कार्यों के बारे में जानकारी कर थाने को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए बैठक कर रूपरेखा तैयार की। एसपी ने पुलिस बल के साथ नगर भ्रमण किया।मंगलवार शाम एसपी विकास कुमार कंपिल थाने पहुंचे। सर्वप्रथम उन्होंने पुराने थाने के परिसर में बन रहे शौचालय के बारे में विधिवत जानकारी ली। उसके बाद डाले गए नए टीन शेड, रसोई घर की साफ- सफाई, थाने के शौचालय की व्यवस्था को देख दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने एएसपी डॉ0 संजय कुमार, सीओ सोहराब आलम व थानाध्यक्ष अशोक कुमार के साथ बैठक कर थाने के भवन में कुछ बदलाव कर उसको सुंदर व आकर्षक बनाने की रूपरेखा तैयार की। एसपी ने थाने में खड़े वाहनों के लिए अलग जगह तय कर उन्हें हटाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ नगर का भ्रमण किया। एसपी विकास कुमार ने बताया थाने के भवन व कार्यालय का निरीक्षण कर उनको पुनर्जीवित करने का रूपरेखा तैयार की गयी। जल्द ही थाना परिसर पहले से सुंदर दिखेगा।
