सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में नामजद व अज्ञात में मुकदमा दर्ज
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला जोध गांव में अवैध निर्माण रोकने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस दौरान एक महिला कांस्टेबिल से हाथापाई भी की गई। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और पथराव के आरोप में नामजद व अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार की तहरीर पर की गई है।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी को पीआरवी संख्या 7871 के माध्यम से सूचना मिली थी कि नगला जोध निवासी मनीष, पंकज और मोनू अवैध रूप से मकान का निर्माण कर रहे हैं और रोकने पर भी नहीं मान रहे हैं। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया। पुलिस का आरोप है कि समझाने का प्रयास करने पर आरोपी पक्ष उत्तेजित हो गया और गाली-गलौज करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अतिरिक्त बल के पहुंचने पर नामजद आरोपियों सहित लगभग 8-10 अज्ञात पुरुष और 15-20 महिलाएं पुलिस टीम से उलझ गईं। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और महिला कांस्टेबिल चंचल के साथ हाथापाई की। जिससे उनकी वर्दी अस्त-व्यस्त हो गई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने सरकारी जीप के आगे खड़े होकर पथराव किया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। इस मामले की जांच निरीक्षक राजीव कुमार को सौंपी गई है। चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
अवैध निर्माण रोकने गई पुलिस पर पथराव,महिला कांस्टेबिल से हाथापाई
