स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरित किये गये

कंपिल, समृद्धि न्यूज। डिजिटल युग में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की पहल अब जमीनी स्तर पर परिणाम देने लगी है। इसी क्रम में मंगलवार को  दफेदार सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी, ग्रासपुर, कंपिल में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुखराज डागा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।  उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक से जुड़ना शिक्षा की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। टैबलेट जैसे डिजिटल उपकरण छात्रों को न केवल ऑनलाइन अध्ययन सामग्री से जोड़ेंगे, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, शोध कार्य और कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ऋषभ गुप्ता ने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के छात्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से शिक्षा में समानता आएगी और प्रतिभावान छात्र संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेंगे। वहीं नोहिल खान ने कहा कि टैबलेट छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
कॉलेज प्रबंधन की ओर से नीलेश यादव ने कहा कि यह योजना छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है और इससे उनका शैक्षणिक विकास तेज होगा।
कार्यक्रम के दौरान वेद प्रकाश, प्रांशु सक्सेना, रोहित कुमार, अंकुर कुमार, प्रताप सिंह, अंशुल यादव , सर्विद कुमार, अमन, अंशुल सक्सेना, सत्यम, अभिषेक शाक्य, अमित शाक्य, धर्मेंद्र सिंह एवं अंचल सिंह सहित कुल 17 छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए। संचालन मोहम्मद मुफरीद ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल अनुधा, अजय प्रताप सिंह, महेंद्र प्रजापति, गौरव मिश्रा सहित अन्य सहायक अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित यह योजना शिक्षा को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *