मोहाली में SSP ऑफिस के बाहर बदमाशों ने युवक की गोली मारकर की हत्या

समृद्धि न्यूज। मोहाली में एसएसपी कार्यालय के बाहर बुधवार को कोर्ट पेशी के लिए आए गुरविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह जमानत पर था और पत्नी के साथ आया था। अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और विक्की पहलवान ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। चंडीगढ़ से सटे पंजाब के मोहाली में एसएसपी ऑफिस के बाहर दिनदहाड़े एक युवक गुरप्रीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि गुरप्रीत को तीन गोलियां मारी गईं। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके को सील किया गया और फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जिस जगह पर फायरिंग हुई, वहीं बगल में ही एसएसपी ऑफिस और एडमिनिस्ट्रेटिव कांप्लेक्स है, जहां पर डीसी दफ्तर, कोर्ट परिसर और कई अन्य मोहाली जिले के सरकारी विभागों के दफ्तर हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, क्योंकि एसएसपी ऑफिस में ही सुरक्षा के लिए करीब 30 से 40 जवान तैनात रहते हैं, लेकिन हमलावर इसके बावजूद पूरी तैयारी से आए थे और हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी देते हुए रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि मोहाली में फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि मृतक गुरविंदर सिंह था और उस पर अफीम की बरामदगी से जुड़ा एक मामला दर्ज था। डीआईजी के अनुसार पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे कैमरों की जांच की जा रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर गोल्डी बराड़ की ओर से एक पोस्ट और ऑडियो सामने आने की बात कही जा रही है, पोस्ट में गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और विक्की पहलवान ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *